हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने पैट (पॉलीटेक्निक एंट्रेंस टेस्ट) और लीट (लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट) के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। बोर्ड ने पैट के लिए अंतिम तारीख 9 मई और लीट के लिए 15 मई निर्धारित की है। दोनों कोर्सों के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन ही आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश में 15 सरकारी और 25 निजी बहु तकनीकी संस्थान हैं।
इनमें प्रवेश परीक्षा के माध्यम से बच्चों का दाखिला होना है। अभ्यर्थी फीस क्रेडिट, डेबिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग से जमा करवा सकते हैं। चालान के माध्यम से बैंक में भी फीस जमा करने का प्रावधान है। पैट और लीट के लिए जनरल तथा ओबीसी कैटेगिरी के लिए 650 रुपये, जबकि एससी और एसटी के लिए 400 रुपये फीस रखी गई है। तकनीकी शिक्षा बोर्ड 21 मई को पैट लेगा। लीट के लिए 28 मई की तारीख तय की गई है।