पूर्व सैनिकों के दो बच्चों को पढ़ाई के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करने का मौका है। हवलदार रैंक तक के पूर्व सैनिकों के दसवीं कक्षा तक पढ़ने वाले दो बच्चे तीस सितंबर से पहले और बारहवीं तक के छात्र 31 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
ग्रेजुएशन लेवल तक के छात्रों के लिए केंद्रीय सैनिक बोर्ड ने आवेदन की तिथि 30 नवंबर तय की है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। केंद्रीय सैनिक बोर्ड की ओर से एक वर्ष में कुल 24 हजार रुपये की अनुदान राशि पूर्व सैनिकों के बच्चों को दी जाती है।
इस राशि को प्राप्त करने के लिए छात्रों को केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। एक वर्ष में इस राशि को लेने वाले छात्र अगले वर्ष दोबारा इस राशि को आवेदन कर सकते हैं।
अगर किसी का आवेदन फॉर्म किसी कारणवश रिजेक्ट हो जाता है तो वह दोबारा इस फॉर्म को सही रूप से भर सकता है।
छात्रों को केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटकेएसबीडॉटजीओवीडॉटइन पर इस अनुदान राशि के लिए निर्धारित तिथि से पहले आवेदन करना होगा।
सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर एसके वर्मा ने पूर्व सैनिकों के बच्चों से इस अनुदान राशि के लिए आवेदन करने का आह्वान किया है।