इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) देश भर में सशक्त छात्र सहायता सेवा नेटवर्क के माध्यम से उच्च शिक्षा घर-द्वार तक पहुंचाने की दिशा में सालों से काम कर रहा है। इसमें जेल कैदियों के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को भी विभिन्न कार्यक्रमों में नि:शुल्क शिक्षा का प्रावधान है।
इग्नू ने जुलाई 2019 से प्रारंभ होने वाले शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक उपाधि (बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए, बीएसडब्ल्यू) और सभी डिप्लोमा एवं सर्टिफि केट कोर्स और कार्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के शिक्षार्थियों के लिए फीस छूट का प्रावधान रखा है। जुलाई 2019 सत्र के लिए विभिन्न मास्टर/ बैचलर डिग्री, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगिंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रवेश की प्रक्रिया 31 जुलाई तक चलेगी। प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र संबंधित दस्तावेजों सहित अंतिम तिथि से पहले इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, शिमला में जमा करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इग्नू के किसी भी नजदीकी अध्ययन केंद्र या इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, खलीणी, शिमला की दूरभाष संख्या 0177-2624612 पर संपर्क किया जा सकता है।