परीक्षा में भाग लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। देशभर में प्रवेश परीक्षा 29 अप्रैल को होगी। इसके लिए हिमाचल में केवल हमीरपुर में एकमात्र परीक्षा स्थल होगा।
स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर नगरोटा बगवां ने भी विद्यार्थियों के वर्ष 2018-19 के लिए दाखिले के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीते वर्ष ही प्रदेश में एकमात्र सरकारी क्षेत्र में यह शिक्षण संस्थान नगरोट बगवां में खुला है।
वर्तमान में इस संस्थान में 40 सीटें स्वीकृत हैं। पांच वर्षीय कोर्स बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर की सभी 40 सीटें कॉमन प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर भरी जाएंगी।
उधर, स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर नगरोटा बगवां के एचओडी डॉ. सतीश कटवाल ने कहा कि नेशनल काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर ने प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। इच्छुक विद्यार्थी 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार्य नहीं होगा। दाखिले के बारे में जागरूक करने को प्रदेश भर के शिक्षा उपनिदेशकों को पत्र लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में स्मार्ट सिटी का निर्माण शुरू हो रहा है, जिसके चलते आने वाले समय में आर्किटेक्ट की मांग बढ़ने वाली है।