प्रदेशभर के कॉलेजों में शनिवार को एडमिशन का आखिरी दिन था। इसलिए कॉलेजों में काफी भीड़ रही। फार्म जमा करवाने के लिए छात्र-छात्राओं की लाइनें लगी रहीं। अब मेरिट के आधार पर कट लिस्ट सोमवार दोपहर बाद एक बजे नोटिस बोर्ड पर
लगेगी। सोलन कॉलेज में कुल 4200 प्रोस्पेक्टस भरे गए। शुक्रवार को स्टाक में सभी 3500 प्रोस्पेक्टस बिक गए थे। इसके बाद कालेज प्रशासन ने 1000 प्रोस्पेक्टस फिर छपवाए। शाम को कांउटर बंद होने तक करीब 4200 प्रोस्पेक्टस बिक चुके थे।
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में दाखिला के लिए शनिवार शाम तक पांच हजार आवेदन पत्र बिके हैं। रामपुर कॉलेज में सत्र 2016-17 के लिए पहले सेमेस्टर में कुल 1598 छात्र छात्राओं ने आवेदन किए हैं। वहीं आनी कॉलेज में नए सत्र के लिए कुल 810 प्रोस्पेक्टस बिके। पहली बार शुरू हुए निरमंड कॉलेज में भी 22 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए हैं।
जिला बिलासपुर के कॉलेजों में पांच दिनों तक चली दाखिला प्रक्रिया में करीब आठ हजार युवाओं ने आवेदन किया है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में तीन हजार से अधिक प्रोस्पेक्टस बिके हैं। जबकि घुमारवीं कॉलेज में 3330, जुखाला कॉलेज में 400, झंडूता कॉलेज में 248 प्रोस्पेक्टस सेल हुए।
राजधानी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज में अलग अलग संकाय की तय सीटों से दोगुना से अधिक आवेदन जमा हुए हैं। इससे कॉलेज में प्रवेश के लिए खासी प्रतिस्पर्धा रहेगी। छात्रों को यहां पूरी तरह से मेरिट आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। आरकेएमवी में कामर्स संकाय में प्रवेश पाना मुश्किल हो सकता है।
कॉलेज में तीनों संकाय सहित बीसीए कोर्स के लिए इन चार दिनों में 1543 आवेदन जमा हुए हैं। राजधानी के सेंट बीड्स कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया अभी जारी है, यहां शनिवार पांच बजे तक करीब ढाई सौ छात्राओं ने आवेदन कर दिया था। राजकीय
महाविद्यालय कुल्लू में 21 से 25 जून तक करीब 1900 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। वहीं, कई विद्यार्थियों ने ऑनलाइन भी प्रवेश के लिए आवेदन कर रखे हैं। रूसा प्रणाली के तहत कितने आवेदनकर्ता विद्यार्थी बाहर हो सकते हैं। इसका खुलासा मेरिट लिस्ट अनुसार सोमवार को होगा।