अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सात अक्तूबर को राज्य स्तर पर आयोजित स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अव्वल रहे मेधावियों को सम्मानित करेगी। सम्मान समारोह 12 जनवरी को वल्लभ महाविद्यालय मंडी में दोपहर 12 बजे होगा।
इसमें तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल मुख्यातिथि होंगे। एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नागेश ठाकुर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व प्रांत अध्यक्ष पृथीपाल सिंह भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नौवीं से बारहवीं कक्षा के 852 स्कूलों के 36524 छात्र-छात्राओं ने 290 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा दी थी। प्रांत मंत्री राहुल राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में बीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल जयसिंहपुर के जमा दो कक्षा के छात्र अभिषेक ने प्रदेश में पहला स्थान पाया था।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समरहिल के जमा एक कक्षा के छात्र रवि ठाकुर द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मंडी की छात्रा प्रिया ठाकुर ने प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया था। प्रतियोगिता का परिणाम पहले ही घोषित किया जा चुका है।
छात्रों को इसकी सूचना भी दी जा चुकी है। पहला स्थान पाने वाले को 25000, दूसरे को 15000 और तीसरे को 11 हजार, जबकि पांच अन्य को पांच-पांच हजार के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।