जेईई एडवांस के नतीजों में शिमला के अभिलक्ष कुमार ने देशभर में 284वां रैंक हासिल किया है। अभिलक्ष ने जेईई मेन्स में भी 286 अंक हासिल कर 431वां रैंक हासिल किया था। दावा किया जा रहा है कि यह प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रैंक है। लोअर कैथू के रहने वाले अभिलक्ष ने सेंट एडवर्ड स्कूल से दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है।
दसवीं की परीक्षा 10 सीजीपीए अंकों के साथ पास की। इसके बाद कोटा से 12वीं तक पढ़ाई की। अभिलक्ष ने 12वीं नॉन मेडिकल विषय में उत्तीर्ण की। इसमें 98 फीसदी अंक हासिल किए थे। इसी दौरान उन्होंने जेईई के लिए कोचिंग की।
अभिलक्ष ने एनटीएसई और केवीपीवाई की परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। अभिलक्ष ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां नीलमा कुमारी को दिया है। कहा कि पहली कक्षा से ही मां ने उन्हें पढ़ाई में मदद की।
अभिलक्ष के पिता तरुण कुमार लोअर बाजार में दुकानदार है। पिता ने कहा कि बेटे का आईआईटी मुंबई के लिए चयन हो गया है जो गर्व की बात है।