सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड इस साल भी स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता करवाने जा रहा है। इस साल निगम ने इनाम की राशि में बढ़ोतरी कर दी है। राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता जीतने पर अब 50 हजार रुपये इनाम मिलेगा। पहले 20 हजार रुपये दिए जाते थे। चौथी से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए दो श्रेणियों में बांटा जाएगा।
15 अक्तूबर तक स्कूलों में इसका आयोजन होगा। राज्य स्तरीय विजेताओं का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के सहयोग से स्कूलों में प्रतियोगिता करवाई जाएगी। चौथी, पांचवीं और छठी कक्षा की एक श्रेणी होगी, जबकि सातवीं से नौवीं तक दूसरी श्रेणी होगी। प्रतियोगिता का पहला चरण 15 अक्तूबर तक स्कूलों में पूरा होगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दोनों श्रेणियों से 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 14 नवंबर को निगम के शिमला स्थित मुख्यालय में होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लेने वाले विद्यार्थी को 50 हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 30 हजार, तीसरे स्थान पर रहे विद्यार्थी को 20 हजार रुपये की राशि बतौर इनाम दी जाएगी।
7500 रुपये के दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विद्यार्थी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता राष्ट्रीय ऊर्जा बचाओ दिवस के अवसर पर 14 दिसंबर को नई दिल्ली में होगी। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को पत्र जारी कर सूचित कर दिया है।