बंजार मुख्यालय के सिंधवा में द डोगरा तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार मेला लगाया गया। इसमें 46 युवाओं को नौकरी मिली। रोजगार मेले में औद्योगिक इकाई दिल्ली, बद्दी, लुधियाना, शमशी ने बेरोजगार युवाओं के साक्षात्कार लिए।
चार दिन तक चले रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। कंपनियों के मानकों पर खरा उतरने वाले उम्मीदवारों का चयन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत क्षेत्र के 250 युवाओं को विभिन्न जॉब रोल में प्रशिक्षण हासिल कर प्रमाण पत्र दिए गए।
संस्थान के अध्यक्ष उदय डोगरा ने बताया कि रोजगार मेले में 46 बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिला। 10 युवाओं को इकाई बद्दी, 5 युवाओं को द डोगरा तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान सिंधवा तथा 31 युवाओं को देव भूमि स्प्रिंग वीवीग मिल शमशी में रोजगार मिला।
फरवरी में दोबारा रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें राज्य की अन्य औद्योगिक इकाइयां युवाओं के साक्षात्कार लेंगी। दिल्ली औद्योगिक इकाई में 100 तथा देहरादून इकाई में 18 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे।