शादियों और करवाचौथ के लिए महिलाओं ने शुरू की कपड़ों की खरीदारी, चार गुना तक कारोबार बढ़ने के दावा
विज्ञापन
जीएसटी की दरें घटने से भी कारोबार को मिली रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। त्योहारी सीजन में शहर के बाजार रंग बिरंगे परिधानों से सज चुके हैं। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे कपड़ा कारोबारियों के चेहरे इन दिनों खिले हुए दिखाई दे रहे हैं।
बाजारों में बढ़ रही आवाजाही से व्यापारी इस बार बंपर कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं। करवाचौथ और शादियों की खरीदारी से बाजार में कारोबार तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। राजधानी के लोअर बाजार में कारोबारियों ने ग्राहकों की मांग के अनुसार गर्म कपड़ों और नए स्टॉक से अपने गोदाम भर दिए हैं। कुछ महीनों से व्यापार सुस्त था लेकिन जीएसटी के नए बदलावों ने त्योहारी सीजन में कारोबार को नई गति देने का कार्य किया है। शहर के लोअर बाजार में शनिवार को कपड़ों की खरीदारी करने के लिए महिला ग्राहकों की खूब भीड़ उमड़ी थी। इस बार बाजार में डिजाइनर साड़ियां, सूट, लहंगे और त्योहारों पर पहने जाने वाले पारंपरिक कपड़ों की भरमार है। खासकर महिलाओं और युवतियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नई-नई वैरायटी मंगवाई गई है। बाजार में सूट, रेडीमेट कपड़े, सिल्क साड़ी, प्लाजो सूट, शरारा, कॉटन के अनारकली सहित जॉरजट के सूटों की अधिक मांग है। इस दौरान ज्यादातर शादियों और करवाचौथ के लिए कपड़ों की खरीद हो रही है।
अच्छी हुई त्योहारी सीजन की शुरुआत : सरना
शिमला व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष एवं लोअर बाजार के कपड़ा कारोबारी अजय सरना ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार त्योहारी सीजन की शुरुआत अच्छी हुई है। ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हमें उम्मीद है कि दीपावली तक कारोबार में तीन से चार गुना वृद्धि होगी। मालरोड स्थित शहजादी शोरूम के मालिक प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस बार ग्राहकों की मांग पर नई कलेक्शन लाई गई है। ग्राहक भी नए कलेक्शन को लेकर उत्साहित दिख रहे हैं। कपड़ा बाजार की रौनक से साफ है कि आने वाले दिनों में कारोबार में और तेजी आएगी।