हिमाचल के सोलन जिले के कंडाघाट में शनिवार देर शाम चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे पर सीटीयू की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार रांगी ढाबा के नजदीक क्यारी मोड़ के पास शिमला से चंडीगढ़ जा रही सीटीयू की बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में 30 सवारियां मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होकर तीखा मोड़ होने के कारण सड़क पर पहाड़ी की तरह पलट गई।
हादसे में 12 यात्रियों को चोटें आई हैं। आठ घायलों को कंडाघाट अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि चार घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। बस हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान व एसएचओ कंडाघाट संजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए कंडाघाट अस्पताल भेजा। एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान ने बताया कि घायलों की देखभाल के लिए कंडाघाट अस्पताल में एक अधिकारी की ड्यूटी भी लगा दी गई है। घटना की पुष्टि करते हुए एसएचओ कंडाघाट संजय कुमार ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है ।