कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर बाहणु पुल के समीप शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मनाली से पठानकोट के लिए निकली निजी बस एक टैक्सी की साइड से टकराते हुए क्रैश बैरियर तोड़कर ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार निजी बस (एचपी 68ए 0259) सुबह मनाली से पठानकोट के लिए रवाना हुई। बाहणु पुल के समीप पहुंचने से पहले टैक्सी (एचपी 01के 9533) से टकराते हुए नदी में लुढ़क गई। बस में 12 लोग सवार थे। इनमें से आठ लोग बुरी तरह से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से सभी को 108 एंबुलेंस में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चार लोग मामूली चोट होने के कारण घर चले गए। घायलों में एक मिशन अस्पताल, दो हरिहर और दो सिविल अस्पताल में दाखिल किए गए हैं। तीन को छुट्टी दी गई। टैक्सी के चालक राजकुमार ने पुलिस को बयान दिया है कि बस तेज रफ्तार में थी। बस के हादसे का शिकार होने के बाद सवारियों में अफरातफरी मच गई। थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घायलों की सूची
बस हादसे में चालक देशराज (48) पुत्र धंक राम निवासी चनबाड़ी जिला चंबा, योगराज (26) पुत्र रमेश कुमार निवासी स्यांज, चच्योट जिला मंडी, जितेंद्र कुमार (27) पुत्र प्रकाश चंद निवासी स्यांज, चच्योट जिला मंडी, लछी राम (70) पुत्र सोजू राम निवासी दुआड़ा जिला कुल्लू, नीमा लामा पुत्री सगदोर्जे निवासी पालमपुर जिला कांगड़ा, हीरा (34) पत्नी चंद्रकांत गांव सोइल जिला कुल्लू, मुस्कान पुत्री सोम बहादुर निवासी पालमपुर कांगड़ा, योग राज (41) पुत्र प्रेम सिंह गांव शिलग पधर जिला मंडी शामिल हैं।