70,000 रुपये की केबल चुराकर ले गए थे आरोपी, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। झाकड़ी क्षेत्र में बीएसएनएल की टेलीफोन एक्सचेंज का दरवाजा तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हजारों रुपये की केबल और तांबे का स्क्रैप चुरा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी किए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।
पुलिस को दी शिकायत में हेमराज टीटी, बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज झाकड़ी ने बताया कि 12-13 फरवरी की रात अज्ञात लोगों ने एक्सचेंज का दरवाजा तोड़कर तार और स्क्रैप तांबा चुरा लिया। चोरी सामान की कीमत करीब 70,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हितेश कुमार उर्फ पियूष निवासी डाकघर ज्यूरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला और विशाल निवासी डाकघर ज्यूरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को सोमवार को एसीजीएम रामपुर के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में गौरव सिंह ने बताया कि चोरी हुए सामान को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।