पीएम मोदी के बिलासपुर दौरे के दिन सड़क पर वाहनों की आवाजाही दो घंटे के लिए बंद रहेगी। जी हां तीन अक्तूबर को दोपहर दो से शाम चार बजे बह्मपुखर-बिलासपुर सड़क बंद रहेगी। मंडी, हमीरपुर, घुमारवीं, कुल्लू, धर्मशाला से आने और जाने वाले लोगों को बह्मपुखर-घाघस सड़क का प्रयोग करना होगा।
जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया है। बसें तय रूटों पर सुचारु रुप से चलती रहेंगी। उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बनाए गए रोड मैप का व्यापक विवरण देते हुए बताया कि यातायात, सुरक्षा की दृष्टि से कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुविधा के लिए मैप तैयार किया गया है।
जनसभा में हमीरपुर-कांगड़ा की ओर से आने वाले बड़े वाहन चांदपुर, कोठीचौक और राप्रापा बामटा से पीछे खड़े रहेंगे। इसी तरफ से आने वाले छोटे वाहनों को खड़ा करने के लिए रावमापा छात्र और छात्रा बिलासपुर के खेल मैदान, जल क्रीड़ा केंद्र मैदान तथा मुक्तिधाम और उसके साथ लगे मैदान, एचआरटीसी वर्कशॉप, कॉलेज प्रांगण तथा आईटीआई परिसर का चयन किया गया है।
नौणी, चंडीगढ़, सोलन, शिमला की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को पुलिस लाइन लखनपुर के मैदान में खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। इसी तरफ से आने वाले छोटे वाहनों को खड़ा करने के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला डियारा सेक्टर और नगर पालिका परिसर, रावमापा छात्र और छात्रा खेल मैदान, जल क्रीड़ा केंद्र का मैदान, मुक्तिधाम तथा उसके साथ लगे मैदान और कॉलेज प्रांगण को चयनित किया गया है।