भानुपल्ली-बैरी रेल लाइन की नौ नंबर टनल के दोनों छोर मिले
- फोटो : संवाद
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भानूपल्ली-बैरी रेललाइन के पैकेज नंबर-दो की नौ नंबर टनल के दोनों छोर मंगलवार को मिल गए। उपमंडल स्वारघाट के महावली नामक स्थान पर बन रही इस टनल की लंबाई 285 मीटर है। टनल के दोनो छोर मिलने पर ब्रेक थ्रू सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य परियोजना प्रबंधक राकेश सभ्रवाल ने शिरकत की।
ब्रेक थ्रू सेरेमनी के दौरान टनल में दोनों छोर मिलाने के लिए जेसीबी से अंतिम छेद किया गया। टनल नंबर नौ के दोनों छोर को मिलाने में 10 माह का समय लगा है। मुख्य परियोजना प्रबंधक राकेश सभ्रवाल ने बताया कि भानुपल्ली रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। इससे पहले सात टनल ब्रेक थ्रू हो चुकी हैं। इसके लिए उन्होंने इंजीनियर, ठेकेदार और कामगारों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह टनल घुमाव पर बनी है, इसलिए इसे तैयार करना कंपनी के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इस टनल की मिट्टी कोमल है, इस कारण ब्लास्ट करने में भी बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी ने इस कार्य को करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समय से पहले टनल के दोनों छोर मिल गए।
इस टनल के निमार्ण में जिस तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है वह अत्याधुनिक है और इसी कारण टनल का कार्य समय से पहले पूरा हुआ है। इस टनल को न्यू आस्ट्रेलियाई तकनीक से बनाया गया है, जिसे सबसे सुरक्षित माना जाता है। इस अवसर पर टनल का निर्माण कर रही मैक्स इंफ्रा कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।