हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर के बैरी गांव में जली हुई कार बरामद की गई है। कार के अंदर से जला हुआ शव पुलिस ने बरामद किया है। व्यक्ति का शव बुरी तरह से जल गया है। इसकी पहचान करना मुश्किल है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने बुधवार को सुजानपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर बैरी गांव में खड्ड के किनारे जली हुई कार देखी। इसकी सूचना सुजानपुर पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार जिस व्यक्ति की गाड़ी बरामद की गई है, वह जंगल बैरी स्थित पुलिस बटालियन में कार्यरत है।
वह भी गायब है। पुलिस उसे भी ढूंढने का प्रयास कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एएसपी हमीरपुर अशोक वर्मा भी पहुंचे। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने कहा कि शव किसका है, अभी यह पता नहीं चल पाया है। यह गाड़ी जंगल बैरी स्थित पुलिस बटालियन में कार्यरत जवान की है।