हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मार्च-2018 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं में प्रश्न पत्र के पैटर्न में बदलाव नहीं होगा। इस बार बोर्ड पुराने पैट्रन पर ही वार्षिक परीक्षा करवाएगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने वार्षिक परीक्षा में प्रश्न पत्रों के पैटर्न में बदलाव के लिए अध्यापकों से सुझाव मांगे थे। उन सुझावों पर अभी तक मंथन चल रहा है।
इसमें अभी समय लगेगा। इसलिए, मार्च-2018 की वार्षिक परीक्षाओं में प्रश्न पत्र के पैट्रन में बदलाव नहीं होगा। कोई भी बदलाव अब मार्च-2019 की वार्षिक परीक्षाओं में ही होगा।
दरअसल, बोर्ड की वार्षिक परीक्षा का पैट्रन बदलने के लिए सुझाव मांगने के बाद हजारों अध्यापकों और बच्चों में संशय पैदा हो गया था कि मार्च-2018 में वार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्रों के पैट्रन में बदलाव हो सकता है। इसके चलते अध्यापकों के जहन में प्रश्न उठ रहे थे कि वे किस पैट्रन से वार्षिक परीक्षा के लिए बच्चों से तैयारी करवाएं। अब यह संशय दूर हो गया है।