फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बोले- बड़ा नाम नहीं, इन्हें मिलेगा टिकट

Mon, 31 Jul 2017 09:15 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में सत्ता में वापसी की रणनीति बनाने में जुटी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। खेमेबाजी को विराम देने के लिए रामलाल ने व्यक्ति विशेष की निष्ठा छोड़ कार्यकर्ताओं को पार्टी निष्ठ बनने की सलाह दी।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बूते पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है। कोई यह न सोचे कि बड़ा नाम होने से टिकट पक्का हो जाएगा। उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश की तरह जिताऊ प्रत्याशी को टिकट मिलेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बताया।

रविवार को कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि रामलाल ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता प्राप्त करना मुख्य लक्ष्य नहीं है लेकिन सत्ता के सहारे जनता की सेवा करना प्रमुख लक्ष्य है। इसलिए ऐसी सरकार बनाई जाए, जो अगले 15 वर्षों तक हिमाचल में जनता की सेवा करती रहे। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि 50 प्लस के लक्ष्य को हासिल करना जरूरी है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, जीएसटी के साथ गरीबों के लिए योजनाओं की भी चर्चा की। हिमाचल के संबंध में कहा कि प्रदेश के विकास और आम जन की सुरक्षा के लिए कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी है। इस दागदार सरकार की जगह बेदाग सरकार लाने के लिए लड़ाई लड़नी होगी।

पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को टिकट तय करे, उसके साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी हो जाए। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे संकीर्ण मानसिकता को त्यागते हुए खुले मन से पार्टी के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। इस अवसर पर पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद शांता कुमार, अनुराग ठाकुर, विरेंद्र कश्यप, रामस्वरूप शर्मा सहित तमाम विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

केंद्र के पैसे को नहीं खर्च पा रही हिमाचल सरकार: नड्डा

कार्यसमिति के पहले सत्र में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जितना विकास पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है, उसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। हिमाचल सरकार केंद्र से दी जा रही आर्थिक सहायता का उपयोग करने में नाकाम रही है। इसके पीछे कांग्रेस सरकार की यह भावना हो सकती है कि विकास का श्रेय भाजपा को न मिल जाए।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में यह स्पष्ट हो गया है कि यह गरीबों की सरकार है। इससे पहले रही केंद्र की कांग्रेस सरकार ने पड़ोसी देशों जैसे भूटान, श्रीलंका व नेपाल से संबंध बिगाड़े, उन्हें सुधारने में मोदी सरकार ने सफलता प्राप्त की है। पाकिस्तान और चीन जैसे देशों को कूटनीति से नियंत्रण में कर लिया है।

अमेरिका जैसे विकसित देश में भी आज भारत की साख है। वहां रह रहे भारतीयों का मान-सम्मान बढ़ा है। व्यापक टैक्स चोरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार डबल टैक्स ट्रिटी रिव्यू कर रही है, जिससे विदेशों में भारतीयों की संपत्ति का ब्योरा प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जीएसटी को लागू करना एक साहसिक कदम है। 

पीएम के मन की बात सुनी 
बैठक में ऑल इंडिया रेडियो पर प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनी गई। इस अवसर पर रामलाल ने कहा कि देशभर में लोकप्रिय इस कार्यक्रम को भाजपा कार्यकर्ता नियमित रूप से सुनें। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री न केवल अपने मन की बात कहते हैं बल्कि जनता की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रकटीकरण भी करते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें