भाजपा प्रदेश प्रभारी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद ही भाजपा टिकटों का आवंटन करेगी। फिलहाल भाजपा संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। पांडे ने कांगड़ा के इंदौरा रवाना होने से पूर्व ऊना में पत्रकारों से अनौपचारिक बात की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में सभी वर्गों को धोखा दिया है। इस वक्त पार्टी के समक्ष अहम विषय है-कार्यकर्ताओं को जोड़ना और निकम्मी सरकार का पर्दाफाश करना। उन्होंने भाजपा में कांग्रेस नेताओं के शामिल होने की बात पर कहा कि आज हिमाचल की हालत बहुत खराब है।
युवा वर्ग नाराज है। कांग्रेस के लोग भी सरकार से खुश नहीं। वहीं बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए पांडे ने कहा कि एक डकैत के मुंह से चोरी की बात शोभा नहीं देती।
पांडे ने कहा कि जिन आरोपों की बात लालू कर रहे हैं उसकी नींव राबड़ी देवी की सरकार के समय ही रखी गई थी। पांडे ने कहा कि लालू के पास अगर कोई सबूत है तो सामने लाएं।
उन्होंने कहा कि लालू के पास सीबीआई और न्यायालय के दरवाजे खुले हैं अगर उनके आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो सीबीआई और न्यायालय में दें। अगर बिहार सरकार का कोई व्यक्ति ऐसे कथित घोटाले में शामिल होगा तो सरकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।