भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में निजी इस्तेमाल के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते रहे हैं। रणधीर शर्मा ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर परोक्ष निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केवल केेंद्रीय योजनाओं पर चर्चा के लिए ही नई दिल्ली जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस की चार्जशीट को लोकसभा चुनाव के पहले की महज औपचारिकता ही बताया।
मंगलवार को शिमला में प्रेसवार्ता में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि 27 दिसंबर को जयराम सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर धर्मशाला में ‘जन आभार रैली’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमेें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल में जयराम सरकार के कार्यकाल से पूरी तरह से संतुष्ट है। एक साल के अल्पकाल में ही प्रदेश की भाजपा सरकार ने अनगिनत विकास कार्य किए हैं और बड़ी संख्या मेें योजनाएं धरातल पर लागू की हैं।
विभिन्न केंद्रीय योजनाओं में 11,977 करोड़ रुपये हिमाचल लाए गए हैं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, जिला अध्यक्ष संजय सूद और मीडिया प्रभारी करण नंदा भी मौजूद रहे।