विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की गृह पंचायत विजयपुर को निर्विरोध चुना गया है। इसके प्रधान सतीश कुमार धीमान और उप प्रधान श्याम लाल वैंश चुने गए हैं। इसके लिए जेपी नड्डा की धर्मपत्नी मल्लिका नड्डा, विधायक जेआर कटवाल और समोह पंचायत के प्रधान ने रणनीति बनाई थी।
कटवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र झंडूता की नवगठित ग्राम पंचायत विजयपुर पहले ग्राम पंचायत समोह का हिस्सा होती थी। इसे पहली बार ही डॉ. मल्लिका नड्डा और ग्राम पंचायत समोह के प्रधान अनिल कुमार के प्रयासों से निर्विरोध चुना जाना संभव हो सका है। यह पंचायत जगत प्रकाश नड्डा की गृह पंचायत है। उन्होंने इसे निर्विरोध चुनने के विजयपुर पंचायत के निवासियों को बधाई दी है।
कटवाल ने बताया कि प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य को निर्विरोध चुना गया है। उन्होंने कहा कि 2 लाख रुपये वह भी विशेष प्रोत्साहन के तौर पर निर्विरोध निर्वाचित ग्राम पंचायत विजयपुर को देंगे। इसके अलावा उनके इलाके में निर्विरोध चुनी जाने वाली अन्य पंचायतों को भी दो-दो लाख रुपये अपनी ओर से देंगे।
निर्विरोध प्रतिनिधियों में प्रधान पद के लिए सतीश कुमार धीमान, उपप्रधान श्याम लाल वैंश, वार्ड सदस्य के लिए वार्ड 1 से चमन चौधरी, वार्ड 2 से फुलां देवी, वार्ड 3 से गीता देवी, वार्ड 4 से सपना कुमारी, वार्ड 5 से सुभाष चंद को चुना गया है। उधर, उपायुक्त रोहित जम्वाल ने पंचायत के निर्विरोध चुने जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है।