शिमला के कोटखाई में गुड़िया प्रकरण को लेकर भाजपा का प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शुक्रवार को प्रदर्शन होने जा रहा है। पार्टी के शिमला बंद के आह्वान बाद अब जिला मुख्यालयों के घेराव की तैयारी है।
मामले में सरकार को घेरने के लिए पार्टी लगातार धरना प्रदर्शन कर रही है। भाजपा ने प्रदेश में कानून की बिगड़ती स्थिति का हवाला देकर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।
जिलों में होने वाले भाजपा के प्रदर्शनों को लेकर सभी पदाधिकारियों को प्रदेश नेतृत्व ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस बल को भी अलर्ट कर दिया गया है।
इस प्रदर्शन के चलते आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि कोटखाई में दसवीं की छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से आए दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहा है।
एक तरफ सरकार पर सवाल उठ रहे हैं तो दूसरी और पुलिसिया जांच भी सवालों के घेरे में है। वहीं, थाने में एक आरोपी की हत्या के बाद से मामला और गंभीर हो गया है। आज से इसकी सीबीआई जांच भी शुरू होनी है।