भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि सांसद शांता कुमार के आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने पर फैसला हाईकमान करेगा। चुनाव लड़ने के लिए भले ही पहले उन्होंने मना किया हो, लेकिन उनकी उम्मीदवारी पर हाईकमान ही फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि शांता कुमार ने हमेशा पार्टी का कहना माना है। सत्ती पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सत्ती ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर भाजपा हर संसदीय सीट पर पदयात्रा चलाएगी। संसदीय क्षेत्र में 150 किलोमीटर तक की पदयात्राएं होंगी। प्रदेश भाजपा सरकार का लक्ष्य केंद्र की ओर से दी गई योजनाओं को पूरा करना है।
जिसमें कांगड़ा में केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करना, चंबा में सीमेंट प्लांट लगाना और ऊना में पीजीआई का उपक्रम स्थापित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनावों के लिए पार्टी तैयार है और बूथ स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
दो दिन तक चले पालमपुर के इस अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी रोड मैप समझाया गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पूरी रणनीति के तहत काम करेगी। इसके लिए अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में रैलियों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।