हमीरपुर। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से जिला स्तरीय पौधरोपण अभियान का शुभारंभ रविवार को हमीरपुर शहरी मंडल के बल्ह बूथ से किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक आशीष शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा शहरी मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह ने की।
पौधरोपण के उपरांत उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह भूमि की उर्वरक क्षमता को बनाए रखने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल काकू ने बताया कि यह पौधरोपण अभियान केवल एक बूथ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जिले के प्रत्येक बूथ पर चलाया जाएगा। वहीं, प्रदेश किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य अनिल कौशल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं चला रही है, जिनके प्रति किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शहरी मंडल अध्यक्ष पाल शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री संदीप, सुशील शुक्ला, तेन सिंह, बूथ अध्यक्ष विशकर्ण सिंह सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।