भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद हिमाचल प्रभारी बने बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मंगल पांडेय शुक्रवार को पहली बार हिमाचल आएंगे। तीन दिन के कार्यक्रम के दौरान वे जिला शिमला, सोलन और महासू के पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यकारिणी, विधायकों और सांसदों से बैठक करेंगे।
विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर सकते हैं। इसके बाद पांडेय दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट देंगे। प्रदेश प्रभारी के हिमाचल दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि कसौली के पार्टी कार्यकर्ता परवाणू में मंगल पांडेय का स्वागत करेंगे।
शिमला पहुंचने पर जिले के कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे। वे 19 से 21 मई तक प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को समझने के साथ पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। सोशल मीडिया और चुनाव वॉर रूम को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
चुनाव प्रचार अभियान प्राथमिकता
मंगल पांडेय के दौरे में सबसे अहम विस चुनाव की रणनीति रहेगी। चुनावों को लेकर प्रचार अभियान की तैयारियों पर पांडेय प्रदेश कार्यकारिणी, कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन समिति से अलग-अलग बैठक करने वाले हैं। विधानसभाओं में पदयात्रा कार्यक्रम तय किए जा चुके हैं। अंतिम स्वीकृति प्रभारी के साथ बैठकों में होगी।