मैहला पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
चंबा जिले में मैहला पंचायत समिति पर भी भाजपा ने कब्जा कर लिया है। रविवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने जीत दर्ज की। इसमें गिलमा देवी अध्यक्ष और सूरज उपाध्यक्ष चुने गए। चयन को लेकर वोटिंग हुई। इसमें भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने जीत दर्ज की। जीत के बाद मैहला बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और रैली भी निकाली। इस मौके पर सदर विधायक पवन नैयर और भरमौर विधायक जिया लाल कपूर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार रविवार को पंचायत समिति मैहला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। मगर इसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद चुनाव हुए, इसमें सदस्यों ने मतदान किया। इसमें भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को 16-16 और कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार को पांच-पांच मत हासिल हुए। इस तरह से भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने जीत दर्ज की।
इससे पहले भी पंचायत समिति मैहला पर भाजपा का कब्जा रहा है। बहरहाल, लगातार दूसरी बार भाजपा यहां कमल खिलाने में कामयाब रही है। गौरतलब है कि गत दिनों यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना था। मगर दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। स्थिति को देखते हुए चुनाव को टालना पड़ा था।