हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू की दहशत के बीच पक्षियों की मौत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को सिरमौर जिले के पांवटा की भाटावांली ग्राम पंचायत के केदारपुर वार्ड-2 तिब्बती कालोनी के पास 61 मृत कौवे मिले हैं। वहीं, मंडी नगर निगम के सन्यारड़ी वार्ड में 12 जबकि धर्मपुर की लौंगणी पंचायत में 4 मृत कौवे मिले हैं।
सूचना मिलने के बाद डीएफओ पांवटा वन विभाग एवं पशुपालन विभागीय की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएफओ कुणाल अंग्रीश ने कहा कि मृत कौवों के सैंपल लेकर जांच के लिए जालंधर भेजे गए हैं। मृत कौवों को दफना दिया गया है। मंडी जिला वन अधिकारी एसएस कश्यप और पशुपालन विभाग के उप निदेशक राजेश शर्मा ने बताया कि सैंपल जांच के लिए जालंधर भेजे गए हैं।
बता दें इससे पहले बिलासपुर में एनटीपीसी कोलबांध से सटे जमथल गांव में भी एक नाले में मरे हुए 18 से 20 कौवे मिले थे। मरे हुए कौवों को दफना दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मरे हुए कौवों की चोंच से झाग निकल रही थी। गौरतलब है कि कांगड़ा के पौंग बांध क्षेत्र में मृत पाए गए पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी जिसके बाद प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया।