जिला परिषद बिलासपुर की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्य।
- फोटो : संवाद
जिला परिषद बिलासपुर की अध्यक्ष मुस्कान के खिलाफ तीसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। जिला परिषद के 10 सदस्यों ने बुधवार को उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस पर चर्चा के लिए 12 जुलाई का दिन निर्धारित किया गया है। हालांकि माना जा रहा कि अध्यक्ष मुस्कान एक बार फिर चर्चा से पहले इस्तीफा देकर एक माह तक अपनी कुर्सी बचा सकती हैं। बुधवार को प्रस्तुत किए गए प्रस्ताव पर 14 सदस्यों में से 10 सदस्य ने हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें मदन धीमान, आईडी शर्मा, विमला देवी, बेली राम टैगोर, शालू रनौत, प्रोमिला बसु, राजकुमार, शैलजा शर्मा, मान सिंह और पूजा रानी शामिल हैं।
गौरव शर्मा, सत्या देवी और प्रेम सिंह ठाकुर ने प्रस्ताव से दूरी बनाई रखी है। बता दें कि जिला परिषद की अध्यक्ष मुस्कान और पूर्व उपाध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर के खिलाफ पहली बार मार्च में अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। चर्चा के लिए 27 मार्च को बैठक रखी गई। बैठक से एक घंटे पहले दोनों पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा एक माह तक पंचायतीराज निदेशक के पास विचाराधीन रहा। इसी अवधि के दौरान दोनों पदाधिकारी नियमानुसार इस्तीफा वापस ले सकते थे।
इसी नियम का फायदा उठाकर दोनों पदाधिकारियों ने समय अवधि खत्म होने से एक दिन पहले इस्तीफा वापस ले लिया। 19 मई को दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की गई। एक जून को चर्चा का दिन निर्धारित हुआ। इसी बीच प्रस्ताव के खिलाफ अध्यक्ष मुस्कान ने प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। 31 मई को मुस्कान ने अदालत से याचिका वापस ले ली और उसी दिन इस्तीफा दे दिया, जबकि एक जून को हुई बैठक में उपाध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर ने अविश्वास प्रस्ताव का सामना किया, जिसमें उन्हें कुर्सी गंवानी पड़ी।
इसके बाद 17 जून को नए उपाध्यक्ष के चुनाव हुए, जिसमें मान सिंह धीमान उपाध्यक्ष बने, लेकिन अध्यक्ष मुस्कान विभागीय नियम खामी का फायदा उठाकर अभी तक कुर्सी बचाने में कामयाब रही हैं। वहीं, अब माना जा रहा कि इसी खामी का फायदा मुस्कान एक बार फिर उठा सकती हैं और 12 जुलाई से पहले इस्तीफा देकर एक माह कुर्सी बचा सकती हैं। जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी शर्मा ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 12 जुलाई का दिन निर्धारित किया गया है।
जिला परिषद की बैठक में गरमाए सड़क-पानी, बिजली और बस रूट के मुद्दे
जिला परिषद की बैठक अध्यक्ष मुस्कान कुमारी की अध्यक्षता में हुई। सड़क, पानी, बिजली और बस रूट के मुद्दे छाए रहे। विभागीय अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने और बिना दस्तावेजों के पहुंचने पर नाराजगी जाहिर जताई गई। बैठक में जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु ने झंडूता मंडल के लोक निर्माण विभाग के किसी अधिकारी के भाग न लेने पर रोष व्यक्त किया। प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला उपायुक्त डॉ. निधि पटेल, जिला पंचायतीराज अधिकारी अश्वनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को बैठक में भाग लेकर लोगों की समस्याओं को हल करने में सहयोग की अपील की। जिला परिषद सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर ने बिजली की आंख मिचौनी का मुदा उठाया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में आए दिन बिजली गुल रहती है। लोग नियमित बिजली चाहते हैं ताकि उन्हें गर्मी में राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने उनके क्षेत्र से शिमला जाने वाली तीन बसों के रूट बंद होने का मामला भी उठाया।
उन्होंने बताया कि शिमला-धर्मशाला वाया नवगांव बस, निचार-मंडी और शिमला-तल्याणा बसों के रूट बंद कर दिए गए हैं। वाया नवगांव शिमला के लिए 10 बजे के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की कोई बस नहीं है। लोगों को शिमला जाने के लिए जुखाला आना पड़ता है। बैठक में जल शक्ति विभाग में आउटसोर्सिंग पर रखे गए कर्मचारियों को वेतन की अदायगी न होने का मामला भी उठा।