हिमाचल के बिलासपुर में मल्यावर पंचायत के अंतर्गत आने वाले टीहरा में निर्माणाधीन टनल कभी भी धंस सकती है। टनल के भीतर और पहाड़ पर दरारें आ गई हैं। लिहाजा रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम लौट गई है। टनल क्षेत्र को सील कर दिया गया है। किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
उपायुक्त मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि हिरदा राम की तलाश पहले दिन से ही जारी थी, अब रेस्क्यू ऑपरेशन एक्सपर्ट की राय के बाद ही चलाया जाएगा। किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता। तीसरे लापता मजदूर हिरदा राम का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हिरदा राम के परिजन टनल के मुहाने के बाहर अभी भी इंतजार में बैठे हैं। मौके पर पहुंचीं उपायुक्त मानसी सहाय ठाकुर ने इस संदर्भ में परिजनों को भी जानकारी दी है।