खड्ड में तरल कत्था बहने से पानी हुआ लाल
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भजूण स्थित कत्था फैक्ट्री से खड्ड में तरल कत्था बहने के मामले की जांच करने के लिए उपायुक्त ने छह सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी शनिवार को सील की गई कत्था फैक्टरी का दौरा करेगी। उपायुक्त ने कमेटी को सात दिन में रिपोर्ट जमा कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, खड्ड का दूषित हुआ पानी गोबिंद सागर झील में मिल गया है। झील और खड्ड के संगम स्थल पर पानी पूरी तरह से लाल हो गया है। हालांकि खड्ड का पानी साफ हो चुका है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी पानी के सैंपल सुंदरनगर स्थित लैब भेज दिए हैं।
रिपोर्ट आने में करीब 5 दिन लगेेंगे। जांच कमेटी का अध्यक्ष डीएफओ बिलासपुर को बनाया गया है, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मत्स्य पालन विभाग के संयुक्त निदेशक, पर्यावरण अभियंता, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक और पशुपालन विभाग के उपनिदेशक कमेटी के सदस्य होंगे। कमेटी घटना के पीछे के कारणों सहित आम जनता और जलीय जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों को स्पष्ट रूप से बताया जाएगा। समिति जल प्रदूषण के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की जवाबदेही भी तय करेगी। समिति घटना के दोषी पर कार्रवाई करने का भी सुझाव देगी।
यह है मामला
उपमंडल सदर के भजूण गांव में कत्था फैक्ट्री में वीरवार को टंकी फट गई थी। टंकी में एकत्रित किया करीब 2,000 लीटर तरल कत्था साथ बहती गंभरोला खड्ड में मिल गया था, जिससे खड्ड का पानी लाल हो गया।
घटना और जल प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच करना आवश्यक है, जिससे दोषी पर उचित कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। -आबिद सादिक हुसैन, उपायुक्त, बिलासपुर