लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बिलासपुर में तबाही मचाई है। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह पर पत्थर गिर रहे हैं। शनिवार रात को एक कार पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि सभी सवार सुरक्षित बच गए। वहीं फोरलेन पर समलेटू के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह बंद है।
इसके अलावा जिले भर के 10 संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। बारिश से निजी संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है। घुमारवीं बाजार में दुकानों में पानी घुस गया। दुकानदारों को टुल्लू पंप लगाकर पानी निकलना पड़ा। कई जगह डंगे गिरने और घरों में दरारें आने की घटनाएं भी हुईं हैं। प्रशासन की ओर से लोंगो को घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।