विधायक राजेश धर्माणी, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक,अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर निधि पटेल, एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी, व्यापार मंडल सहित स्थानीय लोगों ने वापस लौटते समय पर्यटकों को फल और पानी वितरित किया
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आदेशों के बाद जिला प्रशासन बिलासपुर की ओर से जिला कुल्लू और मंडी में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित घर भेजने के लिए चलाई मुहिम के तहत बिलासपुर-मंडी सीमा पर बलोह में लंगर लगाया गया।
विज्ञापन
इस अवसर पर विधायक राजेश धर्माणी, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक,अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर निधि पटेल, एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी, व्यापार मंडल सहित स्थानीय लोगों ने वापस लौटते समय पर्यटकों को फल और पानी वितरित किया और उनका कुशलक्षेम पूछा। विधायक राजेश धर्माणी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में कुल्लू और मंडी में बचाव और राहत कार्य जारी है।
कुल्लू और मंडी से रेस्क्यू किए गए पर्यटकों के लिए प्रशासन की ओर से लंगर, फल, पानी की सुविधा बलोह में की गई है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बीएमओ की नियुक्ति शिविर में की गई है। धर्माणी ने कहा कि बिलासपुर जिला में भी भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन सभी विभाग और पुलिस प्रशासन दिनरात हालात को सामान्य बनाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द पूरे जिले में बिजली, पानी और सड़क सुविधा को सुचारू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गत दिवस मुख्यमंत्री और प्रदेश के सभी उपायुक्तों के बीच वर्चुअल माध्यम से बातचीत हुई। उन्होंने सभी उपायुक्तों को रेस्क्यू कर वापस घरों में भेजे जा रहे पर्यटकों की सुविधा के लिए अपने स्तर पर बेहतर तैयारी करने के निर्देश दिए थे ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।