कांगड़ा के नूरपुर क्षेत्र के औंद गांव में शुक्रवार रात एक बाइक और ट्रक में टक्कर होने से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन की जा रही है।
मृतक की पहचान विकास (20) निवासी पारनाला के रूप में हुई है। घायल राजेश भी पारनाला का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार बाइक में विकास और राजेश नूरपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान औंद के पास चंबा की तरफ जा रहे एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।
बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकराई जिससे बाइक सवार विकास ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक राजेश दूसरी तरफ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी महिंद्र मन्हास ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नूरपुर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।