सिरमौर जिले में उपमंडल संगड़ाह के तहत रविवार देर रात सुंदरघाट-शिवपुर मार्ग पर एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक ही गांव के रहने वाले दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बीडीसी संगड़ाह के अध्यक्ष का भतीजा है। हादसे में घायल एक अन्य युवक को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसा अरट गांव के समीप पेश आया।
जानकारी के अनुसार कार (एचपी 03डी 3030) में तीन युवक सवार थे, जो सुंदरघाट से अपने गांव अरट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच गांव पहुंचने से पहले ही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बीडीसी अध्यक्ष मेला राम शर्मा के भतीजे कृष्ण शर्मा (23) और पंकज (22) निवासी गांव अरट तहसील संगड़ाह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार कायणूं गांव का राघव (14) गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार गिरने की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और अंधेरे के बीच बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में दोनों मृतकों और घायल को सड़क तक पहुंचाया गया। घायल को सामुदायिक चिकित्सालय संगड़ाह ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहीं हादसे में एक ही गांव के दो युवाओं की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। सोमवार को दोनों युवाओं के शवों को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
डीएसपी संगड़ाह मुकेश कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं एसडीएम डॉ. विक्रम नेगी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।