पर्यटन नगरी मनाली में दो पर्यटकों की दिल का दौरा पड़ने से तबीयत बिगड़ गई है। इनमें से एक बुजुर्ग पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सैलानी को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दिल का दौरा पड़ने से जिस सैलानी की मौत हुई है, वह अपने परिजनों के साथ लाहौल से मनाली आ रहा था। रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे मनाली अस्पताल ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान अमीर जन पुत्र इरशाद शरीफ (75) निवासी बंगलूरू कर्नाटक के रूप में हुई है। मनाली में 47 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र हनी राम निवासी पानीपत हरियाणा के सीने में जोर का दर्द हुआ। राकेश को अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते मरीज को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपना जन्मदिन मनाने मनाली आया था। डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि बंगलूरू के पर्यटक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर दिया है। पर्यटक अपने परिजनों के साथ लाहौल से मनाली आ रहा था कि रास्ते में तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें मिशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।