दुकानों में लगने लगीं कतारें, 12 फरवरी से खुल जाएंगे सरकारी और कुछ बड़े निजी स्कूल
विज्ञापन
कॉपियां 20 रुपये से 80 रुपये तक हैं उपलब्ध संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। स्कूल खुलने से पहले ही शहर के बाजारों में रौनक लौटने लगी है। इन दिनों अभिभावक और बच्चे लोअर बाजार, मिडिल बाजार और मालरोड की दुकानों में स्टेशनरी तथा यूनिफार्म की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इससे दुकानों में खासी भीड़ लग रही है और कई दुकानों के बाहर कतारें लगी हुई हैं।
नया सत्र शुरू होने से पहले स्टेशनरी बाजार में किताबें और काॅपियों सहित अन्य स्टेशनरी के सामान की खूब बिक्री हो रही है। बीते एक माह से शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां चल रही हैं। अब 12 फरवरी से शहर के सभी सरकारी स्कूल और कुछ निजी स्कूल खुल जाएंगे। ऐसे में लोगों ने किताबों और कॉपियों की खरीदारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शहर के लोअर बाजार में बच्चों की कॉपियां 20 रुपये से शुरू होकर 80 रुपये तक बिक रही हैं। बच्चों की वर्दी और जूते साइज के हिसाब से 500 से 1250 रुपये, स्वेटर 600 से 900, जुराबें 80 से 120, टाई 60 रुपये, बैग 300 से 900, वाटर बॉटल 100 से 1100 और लंच बॉक्स 300 से 800 रुपये तक बिक रहे हैं। शहर में केंद्रीय विद्यालय जाखू और जतोग खुल चुके हैं। इसके साथ ही वीरवार से शहर के सभी सरकारी स्कूल खुल जाएंगे और कुछ निजी नामी स्कूलों में रौनक लौटना शुरू हो जाएंगी।
बॉक्स
लोअर बाजार स्थित फेंसी स्टेशनरी की दुकान के विक्रेता सुरेंद्र ने बताया कि उन्होंने नया स्टॉक मंगवा लिया है। अभिभावक और बच्चे काफी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। स्कूल बैग पर 35 से 50 प्रतिशत तक छूट दे रहे हैं। इसके साथ ही मदर च्वाइस के प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने सभी स्कूलों के बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, जूतों और स्टेशनी का स्टॉक मंगवा लिया है। इनमें से कुछ स्कूलों का सामान आ गया है और कुछ स्कूलों की यूनीफार्म का स्टॉक आना है।