शिमला। जिले में सेब के बगीचों में परागण के लिए मधुमक्खियों की मांग आना शुरू हो गई है। उद्यान विभाग जिले के बागवानों को अप्रैल महीने के दूसरे हफ्ते से परागण के लिए बॉक्स देने की प्रक्रिया शुरू करेगा। शिमला के नवबहार में स्थित विभाग के कार्यालय और हाटकोटी के अणु में यह बॉक्स उपलब्ध होंगे। किराये पर दिए जाने वाले एक बॉक्स का मूल्य 1,600 रुपये रखा है। इसके अलावा जो इनको खरीद कर स्वयं मधुमक्खियों का पालन करना चाहते हैं, उन्हें पेटी बाजार से खरीदने के बाद बिल विभाग को देना होगा। इसके बाद 50 पेटियों पर विभाग की ओर से बागवानों को 80 फीसदी की सब्सिडी मिलेगी। उद्यान विभाग के मौनपालन विशेषज्ञ डॉ. दलीप सिंह नरगेटा ने बताया कि प्राइवेट कंपनियों से बॉक्स उपलब्ध करवाना शुरू कर दिए हैं। सेब के बगीचों में 5 से 10 फीसदी फ्लावरिंग (फूल आना) हो जाएगी उसके बाद परागण के लिए मधुमक्खियों के बॉक्स रखने चाहिए। संवाद