स्कूल जा रहे मुख्य अध्यापक पर भालू ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सापनी स्कूल में बतौर मुख्य अध्यापक तैनात धर्म सागर (55) पुत्र गंगा देव सुबह स्कूल के लिए निकले थे। सापली जंगल से स्कूल का रास्ता है। इसी बीच जलांकी नामक रास्ते पर घात लगाकर बैठे भालू ने हमला कर दिया। धर्म सागर की गर्दन, मुंह, पीठ में गहरे जख्म थे। शाम को जब धर्म सागर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पा रहा था।
रात को भी धर्म सागर घर नहीं पहुंचे। सुबह परिजन ग्रामीणों को साथ लेकर जंगल की ओर रवाना हुए। सापनी पंचायत प्रधान ने मुख्य अध्यापक के लापता होने की सूचना सांगला पुलिस को भी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल भी मौके के लिए रवाना हुआ। जब परिजन, ग्रामीण और पुलिस जंगल पहुंचे तो धर्म सागर लहूलुहान हालत में पड़े थे। इनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और कड़छम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। सांगला थाना से एसएचओ कुलदीप, मुख्य आरक्षी विजय कुमार, मानक आरक्षी टिकम सिंह नेगी, सुभाष चंद मौके पर पहुंचे थे। इधर, भालू के हमले में मुख्य अध्यापक की मौत से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। शाम होते ही लोग घरों में बंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है।