भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन पर पलटवार किया है। अनुराग ठाकुर ने श्रीनिवासन को पत्र लिखकर देश में संदिग्ध बुकी की सूची बीसीसीआई के पदाधिकारियों से शेयर करने का अनुरोध किया है। साथ ही उस सूचना को भी शेयर करने के लिए कहा है, जिसमें श्रीनिवासन के परिवार के सदस्यों पर ‘शर्त’ लगाने का आरोप साबित हो चुका है।
अनुराग ठाकुर ने एन श्रीनिवासन को लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि जिस व्यक्ति को बिना जांच किए संदिग्ध बुकी बताया गया है, वह व्यक्ति मेरी जानकारी के अनुसार पंजाब की राजनीति और क्रिकेट गतिविधियों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि यह मेरी जानकारी में नहीं है कि वह संदिग्ध गतिविधियों में एक्टिव है।
अनुराग ठाकुर के अनुसार जिस व्यक्ति की ओर से यह पूरी सूचना आईसीसी को भेजी गई है वह श्रीनिवासन के दोस्त नीरज गुंडे हैं। उन्हीं की ओर से मीडिया को यह सूचना दी गई। अनुराग ने आरोप लगाया है कि नीरज श्रीनिवासन के ही इशारे पर काम कर रहे हैं।
युकां ने फूंका सांसद का पुतला
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को जिलाधीश कार्यालय के बाहर अनुराग ठाकुर सांसद, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव का पुतला फूंका। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि एंटी करप्शन यूनिट की निगरानी सूची में शामिल बुकी के साथ अनुराग ठाकुर को उनको देखा गया और उन्हें तुरंत अपने पद से त्याग पत्र देना चाहिए।
एसपी रहे मौजूद, मूकदर्शक बनी रही पुलिस- युवा कांग्रेस के कार्यकर्त्ता जिस समय उपायुक्त कार्यालय के बाहर सांसद अनुराग ठाकुर का पुतला फूंक रहे थे उस समय एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने सांसद का पुतला धू धू कर फूंक दिया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
युकां प्रदेशाध्यक्ष बोले, गलत लोगों से संबंधों के लिए मशहूर हैं भाजपा सांसद
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर से संदिग्ध बुकीज के कथित संबंध होने के मामले में हिमाचल की सियासत गरम हो गई है। सोमवार को युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर गलत एवं विवादित लोगों से संबंधों के लिए पहले से मशहूर हैं। पहले भी उनके ऐसे संबंध उजागर हो चुके हैं।
प्रदेश की जनता यह सब जानती है। उन्होंने अनुराग ठाकुर से बीसीसीआई सचिव पद से इस्तीफा देने को कहा। विक्र मादित्य सिंह ने सोमवार को प्रदेश युवा कांग्रेस की बैठक के दौरान मीडिया से बात की। इसी बैठक में उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर अनुराग ठाकुर के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की रणनीति भी बनी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर को पहले खुद की स्थिति साफ करने की जरूरत है। जब तक वह पाक-साफ साबित नहीं हो जाते, तब तक उन्हें बीसीसीआई सचिव पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। बीसीसीआई के तमाम पदाधिकारियों से खिलाड़ियों की भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि एंटी करप्शन यूनिट की निगरानी सूची में शामिल संदिग्ध बुकीज किरण गलोत्रा के साथ उनको देखा गया और उन्हें तुरंत अपने पद से त्याग पत्र देना चाहिए।