केएनएच में आयोजित कार्यक्रम में नवजात की देखभाल को लेकर माताओं को किया जागरूक, बच्चे की नाभी को सूखा रखें
विज्ञापन
बच्चे को गर्म रखना और नियमित स्तनपान करवाना जरूरी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आदेशों पर नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत कमला नेहरू मातृ शिशु अस्पताल (केएनएच) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका आयोजन के नवजात शिशु विभाग ने बुधवार को करवाया।
सहायक नियंत्रक वित्त एवं नवजात शिशु विभाग के इंचार्ज डाॅ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि नवजात को सर्दियों के मौसम में हर रोज नहलाने की आवश्यकता नहीं होती। सप्ताह में उसे एक बार नहलाएं और नहलाने से पूर्व नारियल तेल की मालिश करें। बार-बार नहलाने से हाइपोथर्मिया हो सकता है। बच्चे की नाभी को सूखा रखें, इसमें तेल न लगाएं, अधिकतर एक सप्ताह में यह अपने आप छूट जाती है। सर्दियों के मौसम में नवजात शिशु को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाना और कमरे में तापमान को बनाए रखना जरूरी है।
शिशु को दो से ढाई घंटे के अंतराल में मां का दूध पिलाया जाना जरूरी होता है। नवजात को गर्म रखने के लिए मां उसे अपने से लिपटाकर रखें तो बेहतर है। नवजात को पीलिया और सांस लेने में दिक्कत हो तो चिकित्सक को दिखाएं। कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुंदर सिंह नेगी, डाॅ. नुपुर मिश्रा, डाॅ. चंपा पंवर ने माताओं को बच्चों की देखभाल के तरीकों के बारे में जानकारी दी। वहीं चिकित्सकों ने माताओं की शारीरिक स्वच्छता और बच्चे में होने वाले संक्रमण को लेकर भी जागरूक किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में निजी संस्था ममता एंड नूरा हेल्थ आर्गेनाइजेशन से निशा ठाकुर ने सहयोग किया और माताओं को अहम जानकारी दी।