मैदान के लिए मुहैया करवाएंगे हर संभव मदद : प्रो. सिकंदर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। द परिवर्तन फाउंडेशन शिमला की ओर से समरहिल स्थित खेल मैदान में खेले जा रहे 8वें सैवी सैवी मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट में मंगलवार को सीनियर टीम के तीन मुकाबले खेले गए। इस दौरान राज्यसभा सांसद प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
प्रतियोगिता के दौरान पहला मुकाबला बालूगंज और सुंदरनगर फुटबाल क्लब के बीच में हुआ जिसमें बालूगंज क्लब ने जीत हासिल की। शिमला और अब्सलोन फुटबाल क्लब के बीच में हुए मैच में शिमला ने 3-0 से जीत हासिल की। इसके अलावा रामपुर और समरहिल फुटबाल क्लब के बीच खेले गए मैच में रामपुर क्लब के धीरज ने शानदार गोल कर समरहिल को 1-0 से मात दी। प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि ऐसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि एचपीयू समरहिल मैदान सहित युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ाने हेतु केंद्र सरकार से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। एचपीयू शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. हरि सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि परिवर्तन फाउंडेशन ने प्रतियोगिता को उत्कृष्ट एवं अनुशासित तरीके से संचालित किया है।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी शिमला शहरी संजय सूद, समरहिल वार्ड की पूर्व पार्षद शैली शर्मा, युवा खिलाड़ी स्व. स्वरित शर्मा (सैवी) के पिता रजनीश शर्मा और फाउंडेशन से सूक्ष्म भारद्वाज, आरुष वर्मा, रुबिल चौहान, गिरधारी लाल शर्मा, मनीष शर्मा, आतिश, आरुष और अमित मौजूद रहे।