शिमला। जिला एवं सत्र न्यायालय (वन) राजेश चौहान की अदालत ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी सेती राम (मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी छोटा शिमला) की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 4 अक्तूबर 2026 को ठियोग के बाईपास रोड पर शोर मचाने को लेकर हुए विवाद में गाड़ी सवार 8-9 युवकों ने स्थानीय निवासी अजय पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी बाईं आंख पर चोट पहुंचाई थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस ने 5 अक्तूबर को एफआईआर दर्ज कर आरोपी सेती राम सहित अन्य को गिरफ्तार किया था। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और आरोपी का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में रखने का कोई औचित्य नहीं है। अदालत ने आरोपी को बिना अनुमति देश न छोड़ने, गवाहों को प्रभावित न करने और जांच में सहयोग करने की शर्तों पर जमानत दे दी। संवाद