शिमला। विशेष न्यायाधीश भुवनेश अवस्थी की अदालत ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी महिला सुनीता देवी को नियमित जमानत दे दी है। मामले के अनुसार ढली पुलिस थाना के तहत 13 अक्तूबर 2026 को मीरा देवी ने आरोपी सुनीता देवी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि जब वह नरेश चौहान की जमीन पर घास काट रही थी, तो सुनीता देवी ने मौके पर पहुंचकर उसे रोका और जातिसूचक अपशब्द कहने के साथ जान से मारने की धमकी दी। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी का नरेश चौहान के साथ जमीन को लेकर पहले से दीवानी विवाद चल रहा है। इस मामले में अदालत की ओर से स्थगन आदेश (स्टे) भी जारी किया है। इसी रंजिश के चलते आरोपी को झूठे मामले में फंसाया गया है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पाया कि मामले में जांच लगभग पूरी हो चुकी है और शिकायतकर्ता को कोई चोट नहीं आई है। संवाद