शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पंचवर्षीय विधिक अध्ययन संस्थान शिमला में तीन दिवसीय स्वर्गीय कश्मीर सिंह मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इसमें 24 टीमों और 70 प्रतिभागियों के बीच हुए मुकाबले में बाहारा यूनिवर्सिटी की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। डोगरा लॉ कॉलेज जम्मू की टीम उपविजेता रही। यूआईएलएस पंजाब विश्वविद्यालय की अर्पिता गौतम को बेस्ट मूटर, कैंपस लॉ सेंटर दिल्ली विश्वविद्यालय को बेस्ट मेमोरियल और सिंबॉयसिस लॉ स्कूल पुणे की पर्वी मित्तल को बेस्ट रिसर्चर का पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को 21,000, 11,000 और व्यक्तिगत पुरस्कारों के लिए 5,000 की धनराशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि कानून का क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है। यदि आप लगन, मेहनत और ईमानदारी से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो सफलता निश्चित है। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश ठाकुर, संस्थान के निदेशक प्रो. शिव कुमार डोगरा, नरेश ठाकुर, पीयूष वर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमिंदर चंदेल, प्रो. रूना मेहता डॉ. वीना कुमारी, संयोजिका डॉ. संगीता ठाकुर, डॉ. अनिकेत शर्मा मौजूद रहे। संवाद