चार दिन मौसम खराब रहने का है पूर्वानुमान, बादल छाए रहने से पिघल जाती है बर्फ
विज्ञापन
रिंक में होना है जिमखाना और कार्निवल का आयोजन अभी तक स्केटिंग रिंक में आयोजित हो चुके हैं 32 सत्र संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में जिमखाना और कार्निवल के आयोजन पर खराब मौसम का साया मंडरा रहा है। इससे युवा स्केटर मायूस हो गए हैं।
स्केटिंग रिंक में पहले दिसंबर में जिमखाना आयोजित किया जाना था लेकिन लगातार बादल छाए रहने की वजह से उसे जनवरी के दूसरे हफ्ते के अंत तक स्थगित कर दिया गया। मौसम खराब रहने से बर्फ पिघल जाती है। अब दोबारा आने वाले चार दिन मौसम खराब होने का पूर्वानुमान है जिसके चलते इसे स्थगित करना पड़ा है। अभी तक जिमखाना और कार्निवल के आयोजन की कोई सटीक तारीख तय नहीं हो पा रही है। स्केटिंग करने वाले युवाओं को हर वर्ष इन खेल गतिविधियों के आयोजन का बेसब्री से इंतजार रहता है।
विज्ञापन
जिमखाने में सुबह के सत्र में बच्चों की दौड़, फिगर स्केटिंग, मार्शल टीटो हॉकी के मैच सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं कार्निवल के दौरान शाम के सत्र में फैंसी ड्रेस, जंप और मशाल लेकर स्केटिंग की जाती है। अभी तक इस सीजन में 32 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं, हालांकि बीते वर्ष पूरे सीजन में 32 सत्र ही आयोजित हुए थे। इस वर्ष जल्दी बर्फ जमने की वजह से स्केटिंग के सत्र भी जल्दी शुरू हो गए थे।
आइस स्केटिंग क्लब के प्रेस सचिव सुदीप महाजन ने बताया कि शुरुआत में एक सत्र में स्केटिंग करने के लिए 60 से 70 स्केटर पहुंचते थे लेकिन जब बीच में बादल छाए रहने की वजह से स्केटिंग में ब्रेक लगी तो स्केटरों की संख्या कम हो गई है। कुछ बच्चे घर चले गए हैं। अब रोजाना 30 से 40 स्केटर ही रिंक में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो जिमखाना और कार्निवल का आयोजन किया जाएगा।