शिमला। उत्तराखंड और डलहौजी के बाद अब शिमला में भी लोगों को सूखे तथा गीले कचरे को लेकर जागरूक किया जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत प्लान फाउंडेशन यह काम करेगी। शहर के रिज मैदान के पद्मदेव कांप्लेक्स में सोमवार को प्लान फाउंडेशन ने नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल के नेतृत्व में प्रोजेक्ट काे लांच किया। वहीं कृष्णानगर और लोअर बाजार में कूड़ा उठाने वाले 200 कर्मी और 100 झाड़ू कर्मियों को दो वर्दी के सेट, सेफ्टी शूज, दस्ताने और प्रोटेक्टिव मास्क बांटें गए। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इसका उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के योगदान को पहचान दिलाना है। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम भूपेंद्र अत्री, प्रोजेक्ट डायरेक्टर धीरज चंदेल और कार्पोरेशन हेल्थ ऑफिसर डॉ. अंजलि चौहान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद