जुन्गा (शिमला)। नशामुक्त हिमाचल अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उपमंडल ग्रामीण शिमला में बैठक हुई। उप जिलाधिकारी मंजीत शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नशे के खिलाफ जारी अभियान में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। मंजीत शर्मा ने नशे को युवाओं के लिए चुनौती बताया और प्रशासन, पुलिस व जनता की सहभागिता को आवश्यक बताया। कहा कि केवल कानून ही नहीं, व्यापक जनजागरूकता भी जरूरी है। उपमंडल में क्लस्टर स्तर पर जागरूकता बैठकों का आयोजन होगा। इन बैठकों में विभिन्न सामुदायिक समूहों को शामिल किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने नंबरदारों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने का आह्वान किया। पुलिस अधिकारियों ने नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की जानकारी दी। नंबरदार रामकृष्ण राणा ने बताया कि जुन्गा तहसील में जागरूकता अभियान चलाया गया है और चिट्टा का कोई मामला नहीं मिला है। संवाद