जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में दो दिन से जमकर बर्फबारी के बाद हिमस्खलन की घटनाएं भी बढ़ गई है। लाहौल घाटी में बर्फबारी के साथ ही पहाड़ियों से जगह-जगह हिमस्खलन का गिरना शुरू हो गया है। बुधवार को कोलंग गांव के सामने वामतट की पहाड़ी से सुबह करीब 10:30 बजे पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ है। वहीं, दोपहर बाद ठोलंग गांव के वामतट की पहाड़ी से फिर हिमस्खलन हुआ है।
विज्ञापन
ठोलंग में पिछले सप्ताह भी इसी जगह पर हिमस्खलन हुआ था। अब दोनों घटनाओं का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हिमस्खलन से किसी तरह के नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन हिमस्खलन से उठा बवंडर सात मिनट रहा और कोलंग और तिनो गांव तक पहुंच गया। कोलंग गांव के तंजिन छोपेल ने इस वीडियो को अपने कैमरे में कैद किया है। वहीं, जिला के अन्य हिस्सों में भी हिमस्खलन की सूचनाएं है।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने घाटी के लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से इधर-उधर न निकलें। उधर, मनाली स्थित हिम और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान (सासे) ने कुल्लू, किन्नौर, शिमला, चंबा और लाहौल-स्पीति के 24 जगहों पर हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। सहायक आयुक्त कुल्लू शशिपाल नेगी ने कहा कि पर्यटक और आमजन संवेदनशील इलाकों की ओर न जाएं।