अमर उजाला की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन 19 अप्रैल को नई दिल्ली में किया जाएगा। इसके लिए कांगड़ा से मुस्कान और शिमला से अक्षय कुमार का चयन हुआ है।
समारोह में इन दोनों के अलावा देशभर से 38 होनहार प्रतिभागियों का चयन किया गया है। समारोह में इन्हें अमर उजाला की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
हार्ट सर्जन बनने की राह होगी आसान: मुस्कान
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति योजना सही मायने में जरूरतमंद छात्रों के लिए वरदान साबित होगी। छात्रवृत्ति योजना के लिए चुनी गई जिला कांगड़ा की इंदिरा प्रभा आदर्श पब्लिक स्कूल नूरपुर की छात्रा मुस्कान गोरा ने कहा कि छात्रवृत्ति से मिलने वाली राशि से एनईईटी की राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल परीक्षा की तैयारी करूंगी। मुझे किताबें खरीदने और कोचिंग लेने में इससे मदद मिलेगी।
मुस्कान ने कहा कि छात्रवृत्ति मिलने से उनके कारोबारी पिता पर पढ़ाई पर होने वाले खर्च से राहत मिलेगी और उनका हार्ट सर्जन बनने का सपना साकार हो सकेगा। पिता नरेश कुमार गोरा और माता प्रिमिल गोरा का कहना है कि गरीब जरूरतमंद और मेधावी छात्रों के लिए ये योजना किसी वरदान से कम नहीं है।
अब नहीं बनूंगा पापा पर बोझ: अक्षय
शिमला के बालूगंज स्कूल के छात्र अक्षय कुमार ने भी अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण की है। अक्षय ने बताया कि अब उनका सीए बनने का सपना पूरा होगा। हादसे में घायल हुए इलेक्ट्रीशियन पिता धर्म चंद पढ़ाई का खर्च नहीं उठा पा रहे हैं।
अक्षय ने बताया कि अमर उजाला की ओर से मिलने वाली इस छात्रवृत्ति की राशि से अब उसकी आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा का खर्च पूरा हो सकेगा।
माता बंती देवी भी बेटे को छात्रवृत्ति मिलने पर फूले नहीं समा रही हैं, उन्होंने इसके लिए अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा कि उनका बेटा अब आगे बढ़ पाएगा, उसकी मेहनत एक दिन जरूर रंग लाएगी।