अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2025 के दूसरे चरण की परीक्षा रविवार को 33 शहरों के 34 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। 9वीं से 12वीं कक्षा के 20 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें हिमाचल के बिलासपुर जिले में 126 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर बच्चों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला। इस बार परीक्षार्थियों की उपस्थिति में भी काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से बच्चे पहुंचने शुरू हो गए थे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से दी। उल्लेखनीय है इससे पहले 9 नवंबर, को पहले चरण की परीक्षा 61 शहरों के 69 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी, जिसमें 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा का परिणाम जल्द ही अमर उजाला अखबार और amarujalafoundation.org पर घोषित कर दिया जाएगा।